पटना के खगौल सोना लूटकांड का मुख्य साजिशकर्ता गिरफ्तार, बार-बार बदल रहा था ठिकाना, करीब तीन लाख कैश, लैपटॉप, मोबाइल बरामद

पटना के चर्चित खगौल सोना लूटकांड के मुख्य साजिशकर्ता बिक्रम कुमार उर्फ हुलुकवन को एसटीएफ और खगौल थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार कर लिया है।

पटना के खगौल सोना लूटकांड का मुख्य साजिशकर्ता गिरफ्तार, बार-बार बदल रहा था ठिकाना, करीब तीन लाख कैश, लैपटॉप, मोबाइल बरामद
Image Slider
Image Slider
Image Slider

पटना: पटना के चर्चित खगौल सोना लूटकांड के मुख्य साजिशकर्ता बिक्रम कुमार उर्फ हुलुकवन को एसटीएफ और खगौल थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी करीब तीन महीने से दिल्ली, गुवाहाटी, नेपाल और कोलकाता में लगातार ठिकाने बदलकर पुलिस से बचता फिर रहा था।

पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि 14.90 किलोग्राम सोना लूटने की साजिश जेल में बंद अपराधियों के साथ मिलकर रची गई थी। उसने बताया कि लूट की रकम में उसके हिस्से में 10 लाख रुपये आए थे, जिनमें से तीन लाख रुपये शेयर बाजार में निवेश किए गए, जबकि बाकी रकम खर्च कर दी गई।

गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपी के पास से ₹3.05 लाख नकद, एक लैपटॉप और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपी पर हत्या, लूट, डकैती और आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर मामले पहले से दर्ज हैं।

गौरतलब है कि 4 अप्रैल को बदमाशों ने खुद को कस्टम अधिकारी बताकर गुजरात के राजकोट के एक स्वर्ण व्यवसायी के कर्मचारियों से 14.90 किलोग्राम सोना लूट लिया था। इस मामले में अब तक एक महिला समेत आठ आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। पुलिस का कहना है कि मुख्य साजिशकर्ता की गिरफ्तारी से मामले में कई और अहम सुराग मिलने की उम्मीद है।